Friday, 25 September 2026

श्रीमठ में महाअनुष्ठान और संत समागम

श्रीमठ पंचगंगा घाट पर 'श्री रामार्चा महाअनुष्ठान' संपन्न, जुटे देश के शीर्ष संत और गणमान्य जन

वाराणसी, २५ सितम्बर २०२६। श्री रामानंद संप्रदाय की मूल आचार्य पीठ, श्रीमठ (पंचगंगा घाट, काशी) में आज अध्यात्म, श्रद्धा और दिव्य संकल्प का एक अनूठा समागम देखने को मिला। वर्तमान पीठाधीश्वर, अनंत श्री विभूषित जगद्गुरु रामानन्दाचार्य स्वामी श्री रामनरेशाचार्य जी महाराज के पावन सान्निध्य में भव्य 'श्री रामार्चा महाअनुष्ठान' अत्यंत गरिमामयी ढंग से संपन्न हुआ।

यह कलिपावन अनुष्ठान विश्वविश्रुत संत शिरोमणि आचार्य रामानंददास जी महाराज के मुख्य आचार्यत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आयोजित हुआ, जिसका संपादन श्रीमठ के सुयोग्य उत्तराधिकारी श्री राघवदास जी महाराज द्वारा पूर्ण निष्ठा व शास्त्रीय पद्धति से किया गया।

जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी श्रीरामनरेशाचार्य जी महाराज से आशीर्वाद लेते संत जन




जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी श्रीरामनरेशाचार्य जी महाराज का सम्मान





देशभर से जुटे प्रख्यात महामंडलेश्वर एवं श्रीमहंत

भगवान राघवेंद्र सरकार की आराधना के लिए आद्य जगद्गुरु रामानन्दाचार्य महाराज द्वारा प्रणीत 'श्री रामार्चन पद्धति' को रामानंद संप्रदाय की सर्वोत्कृष्ट साधना माना जाता है। इस महाअर्चना को आत्मसात करने हेतु देशभर से संप्रदाय के शीर्ष संत एवं महापुरुष अपने शिष्यों सहित श्रीमठ पधारे। अनुष्ठान में मुख्य रूप से निम्नलिखित संतों की गरिमामयी उपस्थिति रही:

श्रीमहन्त राम विनय दास जी महाराज

श्रीमहन्त श्यामदास जी महाराज

मानसकेशरी आचार्य श्री रामलखन दास जी महाराज

पूज्य महंत जन्मेजय शरण जी महाराज (बड़ा जानकी घाट, अयोध्या धाम)

पूज्य महंत श्री नंदराम दास जी महाराज (राष्ट्रीय सचिव, अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद, उज्जैनिया पट्टी हनुमानगढ़ी)

पूज्य महंत श्री भानु दास जी महाराज (हनुमान गुफा, अयोध्या धाम)

पूज्य महामंडलेश्वर स्वामी गणेशानंद जी महाराज (श्रीराम कृष्ण मंदिर, अयोध्या धाम)

पूज्य महंत रामदास जी महाराज (करतालिया आश्रम, सरयू तट, अयोध्या धाम)

पूज्य महंत ऋषि आनंद जी (हरिद्वार गंगा तट)

पूज्य महंत अंजनी शरण जी महाराज (मिथिला मणि मंडप, गोलाघाट, अयोध्या धाम)

पूज्य महंत श्री सियावर शरण जी महाराज (सद्गुरू निवास, अयोध्या धाम)

पूज्य महंत श्री राम मिलन शरण जी महाराज (सरयू कुंज, वशिष्ठ कुंड, अयोध्या धाम)

पूज्य सुनील दास जी महाराज (प्रतिनिधि, श्री महंत, हनुमानगढ़ी अखाड़ा)

श्रीमहंत जयराम दास जी महाराज श्रीराम आश्रम अयोध्या 

शताधिक गणमान्य विभूतियों की गरिमामयी उपस्थिति

इस पावन अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े सैकड़ों प्रतिष्ठित जनों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। मुख्य रूप से श्री धीरेन्द्र राय जी (पूर्व डीजीपी, उत्तर प्रदेश), रमेश अग्रवाल, श्रीमठ के सचिव अम्बरीश राय जी, संजय त्रिपाठी, सुधीर शुक्ला, आदित्य शुक्ला, अंजलि, अजय तिवारी, मधु, सत्येन्द्र दीक्षित, श्रीमती नीता रघुवंशी, अखिलेश राय, अनुज मिश्र, टीकम जी (सूरत), डॉ. नौनिहाल, गौतम सागर, वैंकटेश तिवारी, श्रीमती वसंती जी, उपेन्द्र चौधरी एवं विनोद राय सहित शताधिक गणमान्य महानुभावों ने भगवान राघवेंद्र सरकार का दर्शन-पूजन कर जगद्गुरु श्री जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

विद्यार्थियों का अद्वितीय सहयोग एवं भव्य भंडारा

श्रीमठ परिसर में उमड़े इस विशाल संत समागम और देश भर से आए श्रद्धालुओं की व्यवस्था में प्रबंधक आचार्य उपेंद्र जी मिश्र के कुशल नेतृत्व में मठ के समस्त वर्तमान विद्यार्थियों, पूर्व विद्यार्थियों एवं अनन्य भक्तों ने सेवा भाव से दिन-रात एक कर अद्वितीय व अनुकरणीय सहयोग प्रदान किया। अनुष्ठान की पूर्णता के पश्चात पधारे हुए समस्त संतों, महात्माओं एवं उपस्थित भक्तों के लिए एक भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने महाप्रसाद ग्रहण किया।

उत्कृष्ट प्रबंधन, अनुशासन और सेवा भाव के कारण संपूर्ण आयोजन अत्यंत सुव्यवस्थित और दिव्य ढंग से संपन्न हुआ। पूरा पंचगंगा घाट क्षेत्र 'जय सियाराम' और 'रामानंदाय नमः' के महामंत्र से गुंजायमान रहा।

No comments:

Post a Comment